Monday, January 7, 2013

महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगा पुलिस आयुक्तालय


जयपुर, 7 जनवरी। पुलिस आयुक्तालय द्वारा शहर में महिलाओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाने के लिए 9 जनवरी से मार्शल आर्ट का विशेष प्रशिक्षण अपनी सुरक्षा अपने हाथ, जयपुर पुलिस के साथप्रारंभ किया जायेगा।
पुलिस आयुक्त श्री बी.एल. सोनी ने बताया कि इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षित पुलिसकर्मी महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा का मार्शल आर्ट सिखाएंगे। उन्होंने बताया कि महाराजा स्कूल, बियानी गल्र्स कॉलेज, इण्डियन इन्टरनेशनल स्कूल, मानसरोवर, कानोडिया कॉलेज, वैदिक कल्या कॉलेज, आदर्श नगर तथा ब्राईटलैण्ड स्कूल, वैशालीनगर में आयोजित होने वाले इन शिविरों में पुलिस के विशेष प्रशिक्षित जवान महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगे। इन जवानों में महिला पुलिसकर्मी भी विशेष रूप से होंगे। प्रशिक्षण 9 जनवरी से 25 जनवरी तक प्रतिदिन प्रात: 8 से 10 बजे तक 2 घंटे के लिए चलेगा। श्री सोनी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से ही समाज का विकास हो सकता है।
पुलिस आयुक्तालय द्वारा महिलाओं के इस विशेष प्रशिक्षण के लिए थानाधिकारी पुलिस थाना, कोतवाली श्री पुष्पेन्द्रसिंह, थानाधिकारी, विद्याधरनगर श्री राजेन्द्र जैन, सहायक पुलिस आयुक्त, चाकसू शिल्पा चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त, गॉंधीनगर श्री तेजपाल सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त, वैशालीनगर श्रीमती प्रीति कंकाणी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रशिक्षण इन पुलिस अधिकारियों की देखरेख में संचालित होगा।
गौरतलब है कि महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए पुलिस के विशेष जवानों का चयन कर उन्हें पहले पुलिस लाईन में ताइक्वांडो के अन्तर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक श्री सुनील राणा द्वारा प्रशिक्षित किया गया था। ये प्रशिक्षित जवान ही अब विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों पर महिलाओं को अपनी सुरक्षा अपने हाथ, जयपुर पुलिस के साथके तहत  प्रशिक्षण प्रदान करेंगें।

No comments: